31 August 2025
1. भीकमपुर में महिला से मारपीट, घायल अवस्था में थाने पहुंचकर न्याय की गुहार
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के भीकमपुर गाँव में शनिवार की रात एक महिला के साथ मारपीट की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने महिला को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। घायल महिला देर रात करीब 9:30 बजे कोतवाली पहुंची और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। महिला का कहना है कि दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए ताकि उसे न्याय मिल सके। मामले पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
2. पानी की मोटर में करंट से मासूम बालिका की मौत, घर में पसरा मातम
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के विशुनगढ़ रोड पर एक मासूम बच्ची की खेल-खेल में जान चली गई। शनिवार की शाम लगभग 4 बजे बच्ची घर पर खेल रही थी, तभी उसने पानी की मोटर को छू लिया। मोटर में करंट उतरने से वह चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों ने बताया कि बच्ची चंचल और हंसमुख स्वभाव की थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।
3. फर्जी कैंप के नाम पर चल रहा था खेल, स्वास्थ्य विभाग ने किया बड़ा भंडाफोड़
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में फ्री मेडिकल कैंप के नाम पर मरीजों को ठगा जा रहा था। बताया गया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम को मरीजों से सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कैंप के नाम पर एक अस्थायी अस्पताल संचालित हो रहा था, जहां मरीजों से मोटी रकम वसूली जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के दौरान मौके से लाखों रुपए की दवाएं बरामद की गईं, जबकि कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए। इस खुलासे ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
4. प्रेस वार्ता में भाजपा विधायक अर्चना पांडेय का कांग्रेस पर तीखा प्रहार
छिबरामऊ के बजरिया स्थित अपने आवास पर शनिवार दोपहर 12:30 बजे भाजपा विधायक अर्चना पांडेय ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। विधायक ने कहा कि जिस तरह देश के प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत माता के प्रति अपमानजनक बयान दिए गए, वह न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि पूरे 140 करोड़ भारतीयों का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से माफी की मांग करते हुए कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और इसका जवाब आने वाले चुनाव में जरूर देगी। उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
29 August 2025
1. किसानों ने धूमधाम से मनाया स्थापना दिवस
2. सौरिख में चोरों ने किया बड़ा हाथ साफ, 5 लाख नगदी और जेवरात चोरी
छिबरामऊ तहसील के सौरिख कस्बे में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि यहां से करीब 5 लाख रुपये नगद और लाखों के जेवरात पार कर दिए गए। घटना शुक्रवार सुबह सामने आई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने कस्बे में दहशत फैला दी है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
3. एक्सप्रेसवे पर खड़ी डीसीए में लगी आग, लाखों का नुकसान
छिबरामऊ तहसील के तालिग्राम क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के 171 कट पर खड़ी डीसीए गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह घटना शुक्रवार की रात 3 बजे हुई, जबकि सुबह वीडियो सामने आने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
4. मुइया नगला गांव में लाखों की चोरी, गेहूं के बोरे तक उठाए
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मुइया नगला गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर नगदी और जेवरात समेत भारी सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि 20 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर, पीतल के बर्तन और करीब 10 बोरी गेहूं चोर ले उड़े। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने घटना देखी तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
5. एक्सप्रेसवे पर हादसा: रेलिंग से टकराई बाइक, एक युवक की मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सकरावा के 142 कट के पास एक तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख में भर्ती कराया गया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
6. सौरिख में 9 लाख की चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सौरिख में एचडीएफसी बैंक के पास स्थित एक मकान में उस समय चोरी हो गई, जब मकान मालिक अपने बीमार रिश्तेदार से मिलने बाहर गए थे। लौटकर आने पर उन्हें मेन गेट और कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी और बक्सों से करीब 5 लाख रुपये नगद, 40 ग्राम सोने के गहने और जरूरी कागजात गायब थे। कुल मिलाकर 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की तलाश की जा रही है।
7. भीड़ ने चोर को खंभे से बांधा, पिटाई का वीडियो वायरल
कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा झंडे तले मोहल्ले में एक चोर उस समय पकड़ा गया जब वह मस्जिद का दानपात्र तोड़कर पैसे निकाल रहा था। गुस्साए लोगों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर उसे खंभे से बांध दिया। चोर के पास से चोरी किए गए मोबाइल और टॉर्च भी मिले। इस दौरान वह हाथ जोड़कर जान की भीख मांगता रहा, लेकिन लोगों ने उसे नहीं छोड़ा। कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में ले लिया। चोर को खंभे से बांधने और पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
28 August 2025
NA
27 August 2025
1. फेसबुक वाला प्यार निकला धोखा, प्रेमी छोड़ गया युवती को
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कृष्णा नायक नाम के युवक की फेसबुक पर तिर्वा की एक युवती से दोस्ती हुई और दोनों घर से भागकर कानपुर पहुंचे। वहां मंदिर में शादी कर करीब पांच महीने साथ रहे। लेकिन जब युवक युवती को गांव लाया तो सिर्फ 12 दिन बाद अचानक लापता हो गया। ससुराल वालों ने युवती को घर से निकाल दिया और मायके वालों ने भी अपनाने से इंकार कर दिया। बेघर युवती मंगलवार को प्रेमी की तस्वीर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची और डीएम-एसपी से न्याय की गुहार लगाई। रोते हुए उसने कहा कि जिसने हमेशा साथ निभाने की कसम खाई, वही अब उसे दर-दर भटकने को मजबूर कर गया।
2. समधन के पास कार-डीसीएम भिड़ंत, तीन लोग गंभीर घायल
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन के पास मंगलवार शाम लगभग 4:45 बजे एक तेज रफ्तार कार दिल्ली जाते हुए अचानक डीसीएम से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बताया जा रहा है कि गाड़ी कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। हादसे के बाद वहां जाम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
3. बहावलपुर में ट्रांसफार्मर में लगी आग से मचा हड़कंप
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के बहावलपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 7 बजे अचानक एक ट्रांसफार्मर धधक उठा। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। आसपास मौजूद लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों ने तत्काल क्षेत्र की लाइट काट दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
4. बैंक मैनेजर पर रिश्वत मांगने का आरोप, वीडियो वायरल
छिबरामऊ क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक ने बैंक मैनेजर पर 58 हजार रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया। युवक ने बताया कि उसने युवा उद्यमी बेरोजगार योजना के तहत 5 लाख का लोन आवेदन किया था। लोन पास करने के बदले मैनेजर ने मोटी रकम की मांग की। हैरानी की बात यह है कि इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। युवक ने शिकायत लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (एलडीएम) से की है और कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आते ही लोगों में आक्रोश फैल गया।
5. लगातार बारिश से फसलें बर्बाद, किसानों पर दोहरी मार
छिबरामऊ और आसपास के गांवों में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है। खानपुर कसवा, भीकमपुर सानी, मेदेंपुर और दुर्गा नगला बेहटा समेत कई गांवों के खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। खेतों में 2 से 3 फुट तक पानी भर गया है, जिससे मूंगफली, बाजरा, मक्का, टमाटर, पालक, तोरी और भिंडी जैसी फसलें पूरी तरह चौपट हो गईं। किसानों का कहना है कि वे पहले से कर्ज में दबे हैं और अब फसलों की बर्बादी से हालात और बिगड़ गए हैं।
6. मवैइया गांव में तड़के चोरी, नगदी और जेवरात गायब
छिबरामऊ तहसील क्षेत्र के कलग्राम थाना इलाके के मवैइया गांव में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे चोरों ने एक घर को निशाना बनाया। परिजन जब नींद से जागे तो उन्होंने देखा कि दरवाजा खुला है और घर में रखी नगदी व कीमती जेवरात चोरी हो चुके हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने दावा किया कि जल्द ही चोरों का पता लगा लिया जाएगा।
26 August 2025
25 August 2025
25 अगस्त 2025 | Reporting : Anuj | छिबरामऊ न्यूज़
1. छिबरामऊ: 12 साल के बच्चे पर लाठी-डंडों से हमला, हाथ टूटा

छिबरामऊ के लक्षिराम नगला निवासी 12 वर्षीय बच्चा मनसेश्वर नाथ मंदिर गया था। इसी दौरान उसका बैग किसी से टकरा गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाली-गलौज कर उस पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। रविवार शाम बच्चा परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
2. छिबरामऊ: अल्ट्रासाउंड संचालक से दबंगों ने की मारपीट, CCTV फुटेज वायरल
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के अस्पताल रोड स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर दबंगों ने संचालक के साथ मारपीट कर दी। घटना का CCTV फुटेज रविवार दोपहर 2 बजे का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
3. गुरसहायगंज: कच्ची दीवार गिरने से तीन दबे, दो की मौत, एक घायल
कस्बा गुरसहायगंज के तेराजाकेट में रविवार शाम 6 बजे कच्ची दीवार गिरने से तीन लोग दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो लोगों की मौत हो गई और एक का इलाज जारी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
4. छिबरामऊ: एक किलो 40 ग्राम गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
तालग्राम थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कन्नौज के बलनपुर मार्ग से एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 40 ग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और 100 रुपये बरामद हुए। रविवार शाम 7:35 बजे पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर जानकारी दी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
5. कन्नौज: करंट हादसे में बेटे-बेटी की मौत के सदमे में मां ने भी तोड़ा दम
जलालाबाद के नेकपुर कायस्थ गांव में 20 अगस्त को इन्वर्टर करंट से बेटे-बेटी की मौत के बाद रविवार को मां ने भी दम तोड़ दिया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नेमा देवी (43) सदमे में बीमार हो गई थीं और इलाज के दौरान कानपुर में उनकी मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
6. जलालाबाद: दिल्ली जाने की जिद पर पत्नी ने लगाया फंदा, मौत
गांव तरपुरवा निवासी आशीष राठौर की पत्नी शिवानी (32) ने दिल्ली जाने की जिद पूरी न होने पर शुक्रवार रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी 18 माह की बच्ची कमरे में सो रही थी। मायके पक्ष ने रात में हंगामा किया और पुलिस ने पति आशीष को हिरासत में लिया।
24 August 2025
24 अगस्त 2025 | Reporting : Naveen Kumar | छिबरामऊ न्यूज़

1. गूगल फोन ऐप के नए अपडेट से छिबरामऊ में एंड्रॉइड यूजर्स कन्फ्यूज
छिबरामऊ समेत कई एंड्रॉइड मोबाइल यूजर्स को गुरुवार शाम से शुक्रवार दोपहर तक अचानक अपने फोन की कॉलिंग स्क्रीन बदली हुई नजर आई। बिना किसी सूचना या परमिशन के हुए इस बदलाव से लोग परेशान और कन्फ्यूज हो गए। दरअसल, यह गूगल फोन ऐप का नया अपडेट है, जो Material 3 Expressive redesign का हिस्सा है और इसे हाल ही में Android 16 के साथ लॉन्च किया गया है।
अब ऐप में कॉल लॉग्स पुराने तरीके की बजाय अलग-अलग एंट्री में दिखाए जा रहे हैं। कॉल हिस्ट्री और फेवरेट्स को एक ही टैब में जोड़ दिया गया है। कॉल्स गोल किनारों वाले कार्ड डिज़ाइन में दिखाई दे रही हैं और नया फिल्टर सिस्टम भी जोड़ा गया है, जिससे मिस्ड कॉल्स, स्पैम और कॉन्टैक्ट्स को आसानी से अलग किया जा सकता है। अचानक आए इस बदलाव से कई यूजर्स नाराज भी हैं।
2. एक हफ्ते बाद हुई बारिश से छिबरामऊ में जलभराव
छिबरामऊ में लगभग एक सप्ताह बाद शुक्रवार शाम हुई तेज बारिश ने लोगों को राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव से परेशानी भी खड़ी हो गई। बारिश के बाद गलियों और सड़कों पर पानी भर जाने से राहगीरों और दुकानदारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने नगर पालिका की नाली सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए और जल्द समाधान की मांग की।
3. पति-पत्नी विवाद के बाद महिला ने की आत्महत्या
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तरपूर्वा गांव में शनिवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी ने कमरे में जाकर फांसी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर अतिरिक्त दहेज की मांग और हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
4. बाइक भिड़ंत में तीन लोग गंभीर घायल
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सपा खेड़ा के पास शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दो महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को 100 शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घायलों में से कुछ लोग भोगांव से जरा देवी मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
5. 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर दी जान
कुंवरपुर कंडोली गांव में शनिवार दोपहर एक 16 वर्षीय किशोरी ने घरेलू विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद किशोरी ने कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजन उसे आनन-फानन में 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बिना सूचना दिए शव को घर ले जाया। घटना से गांव में शोक की लहर है।
23 August 2025
23 अगस्त 2025 | Reporting : Naveen Kumar | छिबरामऊ न्यूज़
1. 27 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा भारतीय किसान यूनियन अवधेश का स्थापना दिवस

भारतीय किसान यूनियन अवधेश (भाकियू अवधेश) का स्थापना दिवस 27 अगस्त को बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे आयोजन की तैयारी अभी से शुरू कर दें। कार्यक्रम में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ संगठन की ताकत और भविष्य की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। संगठन का दावा है कि यह कार्यक्रम किसान एकजुटता का बड़ा संदेश देगा।
2. छिबरामऊ पूर्वी बाईपास पर बना बड़ा गड्ढा, हादसे का खतरा बढ़ा
छिबरामऊ के पूर्वी बाईपास पर सड़क के बीचोबीच एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इस मार्ग से रोज़ाना सैकड़ों गाड़ियाँ, स्कूल बसें और ट्रक गुजरते हैं। गड्ढा इतना गहरा है कि थोड़ी सी लापरवाही से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बाइक और ऑटो इस गड्ढे में फंसकर गिर चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत इसकी मरम्मत कराने की मांग की है ताकि किसी जानलेवा दुर्घटना को टाला जा सके।
3. अफवाहों पर छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडे का बयान – “जनता पूरी तरह सुरक्षित”
छिबरामऊ की विधायक अर्चना पांडे ने चोरी की अफवाहों को लेकर पश्चिमी बाईपास स्थित नहर कोठी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने साफ कहा कि जनता अफवाहों पर ध्यान न दे और अगर कहीं कोई संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। विधायक ने कहा, “मैं विधानसभा की चौकीदार हूँ और जनता की सेवा में हर वक्त तत्पर हूँ।”
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल सरकार को बदनाम करने के लिए झूठी बातें फैला रहे हैं, जबकि योगी सरकार में हर नागरिक सुरक्षित है। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक प्रियंका बाजपेई, चेयरमैन मनोज दुबे और अन्य कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
4. कन्नौज डीएम ने जले हुए गांवों के भू-अभिलेख निर्माण कार्य की समीक्षा की
कन्नौज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में बैठक कर जले हुए गांवों के भू-अभिलेख निर्माण कार्य की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अकबरपुर, सरदामई, बरुआ सबलपुर, हाथिन, गढ़ियापाह, हरबल्लभपुर और कटिघरा गांवों में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
डीएम ने तिर्वा तहसील के 6 गांवों और छिबरामऊ तहसील के 19 गांवों की खतौनी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पारदर्शी तरीके से काम करें और किसानों से नियमित संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।
5. जन शिकायतों में लापरवाही पर 27 अधिकारियों को DM की चेतावनी
कन्नौज के जिलाधिकारी ने जन शिकायतों का समय पर समाधान न करने वाले 27 अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया है। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारी एक सप्ताह के भीतर कम से कम 90% शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लें। शासन का मानना है कि जनता की शिकायतों का समाधान करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।
6. थाना प्रभारी ने गांव वालों से की अपील – अफवाहों से न घबराएं
छिबरामऊ के तालीग्राम थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे भीकमपुर सनी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इन दिनों चोरों और ड्रोन से जुड़ी कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिनसे लोग भयभीत हो जाते हैं। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाया कि ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या कोई संदिग्ध संदेश मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
7 स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसली, मां-बेटी गंभीर रूप से घायल
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के तालीग्राम रोड स्थित हाथी गांव के पास शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे एक हादसा हो गया। यहां बाजार जा रही मां-बेटी की स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल.