23 अगस्त 2025 | Reporting : Naveen Kumar | छिबरामऊ न्यूज़
1. 27 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा भारतीय किसान यूनियन अवधेश का स्थापना दिवस

भारतीय किसान यूनियन अवधेश (भाकियू अवधेश) का स्थापना दिवस 27 अगस्त को बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अवधेश त्रिपाठी ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे आयोजन की तैयारी अभी से शुरू कर दें। कार्यक्रम में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ संगठन की ताकत और भविष्य की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा। संगठन का दावा है कि यह कार्यक्रम किसान एकजुटता का बड़ा संदेश देगा।
2. छिबरामऊ पूर्वी बाईपास पर बना बड़ा गड्ढा, हादसे का खतरा बढ़ा
छिबरामऊ के पूर्वी बाईपास पर सड़क के बीचोबीच एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इस मार्ग से रोज़ाना सैकड़ों गाड़ियाँ, स्कूल बसें और ट्रक गुजरते हैं। गड्ढा इतना गहरा है कि थोड़ी सी लापरवाही से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बाइक और ऑटो इस गड्ढे में फंसकर गिर चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत इसकी मरम्मत कराने की मांग की है ताकि किसी जानलेवा दुर्घटना को टाला जा सके।
3. अफवाहों पर छिबरामऊ विधायक अर्चना पांडे का बयान – “जनता पूरी तरह सुरक्षित”
छिबरामऊ की विधायक अर्चना पांडे ने चोरी की अफवाहों को लेकर पश्चिमी बाईपास स्थित नहर कोठी पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने साफ कहा कि जनता अफवाहों पर ध्यान न दे और अगर कहीं कोई संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। विधायक ने कहा, “मैं विधानसभा की चौकीदार हूँ और जनता की सेवा में हर वक्त तत्पर हूँ।”
उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी दल सरकार को बदनाम करने के लिए झूठी बातें फैला रहे हैं, जबकि योगी सरकार में हर नागरिक सुरक्षित है। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक प्रियंका बाजपेई, चेयरमैन मनोज दुबे और अन्य कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
4. कन्नौज डीएम ने जले हुए गांवों के भू-अभिलेख निर्माण कार्य की समीक्षा की
कन्नौज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में बैठक कर जले हुए गांवों के भू-अभिलेख निर्माण कार्य की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अकबरपुर, सरदामई, बरुआ सबलपुर, हाथिन, गढ़ियापाह, हरबल्लभपुर और कटिघरा गांवों में तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
डीएम ने तिर्वा तहसील के 6 गांवों और छिबरामऊ तहसील के 19 गांवों की खतौनी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पारदर्शी तरीके से काम करें और किसानों से नियमित संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।
5. जन शिकायतों में लापरवाही पर 27 अधिकारियों को DM की चेतावनी
कन्नौज के जिलाधिकारी ने जन शिकायतों का समय पर समाधान न करने वाले 27 अधिकारियों को चेतावनी पत्र जारी किया है। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि सभी अधिकारी एक सप्ताह के भीतर कम से कम 90% शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे सीधे शिकायतकर्ताओं से संपर्क करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लें। शासन का मानना है कि जनता की शिकायतों का समाधान करना प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है।
6. थाना प्रभारी ने गांव वालों से की अपील – अफवाहों से न घबराएं
छिबरामऊ के तालीग्राम थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे भीकमपुर सनी गांव पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इन दिनों चोरों और ड्रोन से जुड़ी कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं, जिनसे लोग भयभीत हो जाते हैं। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को समझाया कि ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही घबराएं। यदि कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या कोई संदिग्ध संदेश मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
7 स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसली, मां-बेटी गंभीर रूप से घायल
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के तालीग्राम रोड स्थित हाथी गांव के पास शुक्रवार शाम लगभग 4 बजे एक हादसा हो गया। यहां बाजार जा रही मां-बेटी की स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत उठाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए भर्ती कर लिया। बताया जाता है कि मां-बेटी घर से स्कूटी पर सवार होकर छिबरामऊ बाजार जा रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई।
8. सरकारी जमीन पर मूंगफली की फसल खोदते दो युवक ट्रैक्टर समेत गिरफ्तार
छिबरामऊ के फर्रुखाबाद रोड स्थित गाटा संख्या 627, जिसे राज्य संपत्ति घोषित किया गया है, पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। शुक्रवार सुबह लगभग 11:30 बजे पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर छापा मारा और वहां मूंगफली की फसल खोद रहे दो युवकों को ट्रैक्टर समेत पकड़ लिया। क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत त्रिपाठी ने बताया कि यह जमीन राज्य संपत्ति के अंतर्गत आती है, जिस पर किसी भी तरह की निजी खेती या कब्जा पूरी तरह अवैध है। फिलहाल पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
9. हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर किशोर झुलसा, हालत गंभीर
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में शुक्रवार रात 8 बजे एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रहने वाला 13 वर्षीय बालक पीयूष तिवारी पुत्र स्वर्गीय अमित तिवारी अपने मकान की छत पर किसी काम से गया था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने तुरंत घायल अवस्था में उसे 100 शैय्या अस्पताल छिबरामऊ में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।